पहली बार विदेश जाने का एहसास ही अलग होता है। ऐसी यात्रा हमेशा ज़ेहन में बनी रहती है। नई यादें, रोमांच और उत्साह कई चीजें पहली विदेश यात्रा में उमड़-उमड़ कर आती हैं। हम सभी जानते हैं कि विदेश यात्रा करने के लिए एक बेहतर प्लानिंग की जरुरत होती है। एक अच्छी योजना घुमक्कड़ी का ही हिस्सा है। अगर आप परिवार के साथ पहली विदेश यात्रा करने का सोच रहे हैं तो दुबई से बेहतर कुछ भी नहीं है। दुबई घूमने वालों के लिए किसी अजूबे से कम नहीं है। इस जगह पर देखने के लिए बहुत कुछ है। दुबई जाना कठिन नहीं है लेकिन कैसे जाएँ, कब जाएँ और क्या देखें? इन सबकी जानकारी आपके पास होनी चाहिए। दुबई में कैसे घूमें इसकी पूरी जानकारी हम आपको दे देते हैं।
विज़िट दुबई की वेबसाइट पर और अधिक जानकारी पाएँ।
फ़्लाइट और वीज़ा

दुबई जाने के लिए आपको पहले भारत में ही वीज़ा लेना होगा। इसके लिए आपको यूएई की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन ऐप्लाई करना होगा। वीज़ा के लिए आपको कुछ डाक्यूमेंट जमा करने होंगे: फ़्लाइट की कन्फर्म टिकट, पासपोर्ट जो 3 महीने के लिए वैध हो, दो फोटो और पूर्णतः भरा हुआ एप्लीकेशन फ़ॉर्म । दुबई के टूरिस्ट वीजा के लिए आपको लगभग 3 हज़ार रुपए देने होंगे। दुबई आने से लगभग 15 दिन पहले ही आपको वीजा के लिए आवेदन कर देना चाहिए। इससे आप आसानी से चिंतामुक्त हो कर आगे की तैयारी कर पाएँगे।
इसे भी अवश्य पढ़ें: skydiving in dubai price in rupees
अब बात करते हैं फ़्लाइट की। सभी मुख्य शहरों जैसे नई दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बैंगलोर से आपको दुबई के लिए डायरेक्ट फ़्लाइट आराम से मिल जाएगी। भारत से दुबई पहुँचने में लगभग 3-4 घंटे का समय लगता है। आपको दुबई जाने से कुछ हफ़्ते पहले ही फ़्लाइट की टिकट बुक करा लेनी चाहिए। समय पर फ़्लाइट टिकट बुक करने पर आप एयरलाइन्स और बुकिंग ऐप्स के ऑफ़र्स और डिस्काउंट का लाभ उठा सकते हैं और आपको काफ़ी कम क़ीमत पर टिकट मिल जाएगी।
कहाँ ठहरें?

दुबई पहुँचने के बाद आपको सबसे पहले ठहरने की जगह की आवश्यकता होगी। आप अपने होटल की बुकिंग भी यात्रा के पहले कर लें तो आपका सफ़र सुविधाजनक हो जायेगा। मरीना और जुमैरा बीच रेसिडेंस, अल बर्षा, डाउनटाउन , बुर दुबई , देरा एवं द पाम वो मुख्य क्षेत्र हैं जहाँ सैलानी आम तौर पर ठहरना पसंद करते हैं।
यदि आप दुबई की संस्कृति को समझना चाहते हैं तो आप बुर दुबई या देरा में ठहर सकते हैं। ये जगहें एयरपोर्ट के पास हैं और मेट्रो से जुड़ी हुई हैं। यहाँ स्थानीय बाज़ार (सूक), दैनिक जीवन और ऐतिहासिक शिल्प का अनुभव मिलेगा। आपको कम बजट ( तक़रीबन रूपए 3000 प्रति दिन ) में अपार्टमेंट होटल भी मिल जायेंगे। इन क्षेत्रों में प्रवासी भारतीय भी रहते हैं तो अगर आपका दिल घर का खाना खाने को हो तो आपको दक्षिणी एशियाई भोजन भी ढूँढने में कठिनाई नहीं होगी।
डाउनटाउन वो जगह है जहाँ बुर्ज ख़लीफ़ा के साथ-साथ दुबई के सभी आधुनिक इमारतें हैं । ये जगह शॉपिंग और पर्यटन के लिए लाजवाब है पर साथ ही साथ क़ीमती भी (10,000 रूपए से शुरू)। यदि आप अपने होटल के कमरे से बुर्ज ख़लीफ़ा का नज़ारा चाहते हैं तो यहाँ रहें। मरीना दुबई का समुद्रवर्ती क्षेत्र है। यदि आप बीच के पास रहना चाहते हैं तो इसका चयन करें।
मरीना एवं अल बर्षा क्षेत्र में आपको 3 से 5 स्टार होटल एवं अपार्टमेंट बजट होटल मिल जायेंगे। जबकि पाम जुमैरा दुबई का सबसे आलिशान क्षेत्र है जहाँ प्रतिदिन ठहरने की क़ीमत रूपए 18000 से शुरू होती है।
अपने बजट और पसंद के अनुसार आप अपने होटल का चयन कर सकते हैं। दुबई में आपको परिवार के साथ ठहरने के लिए कई होटल मिल जाएँगे जिनमें आप रहकर दुबई की यात्रा को शानदार बना सकते हैं।
कैसे घुमें दुबई?
दुबई में होटल में सामान रखिए और तैयार होकर निकल पड़िए इस शानदार जगह को देखने। दुबई घूमने वालों के लिए कमाल की जगह है।
दिन 1
बुर्ज ख़लीफ़ा

दुबई में घूमने की शुरुआत यहाँ के सबसे प्रसिद्ध जगह से की जा सकती है जो कि है बुर्ज ख़लीफ़ा। बुर्ज ख़लीफ़ा विश्व की सबसे ऊँची इमारत है। ये ईमारत अपने शानदार आर्किटेक्चर के लिए जानी जाती है। बुर्ज ख़लीफ़ा को अंदर से देखने का टिकट एक व्यक्ति के लिए लगभग 2,600 रुपए का है। बुर्ज ख़लीफ़ा की सबसे ऊपर की मंज़िल से आपको दुबई का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। 828 मीटर ऊँचे बुर्ज खलीफा में होटल और स्पॉ भी हैं।
दुबई मॉल

बुर्ज ख़लीफ़ा देखने के बाद आप दुबई मॉल जा सकते हैं। अगर आपको शॉपिंग करने का मूड है तो दुबई मॉल आपके लिए परफ़ेक्ट है। दुबई के मॉल बेहद खूबसूरत हैं। ऐसे शानदार मॉल शायद ही आपने कभी देखें होंगे। दुबई मॉल शहर के सभी मॉल में से सबसे बेहतरीन है। दुबई मॉल वो जगह है जहाँ आप आधुनिक शिल्प, प्रौद्योगिकी, विविध क्रीड़ाओं और व्यंजनों को एक ही छत के नीचे पा सकते हैं। यहाँ दुनिया भर के रेस्त्रां हैं जहाँ आप देश-विदेश के ज़ायके का लुत्फ़ उठा सकते हैं। साथ ही यहाँ पर दुबई एक्वेरियम एंड अंडरवाटर ज़ू, आइस रिंक, रील सिनेमाज़ जैसे मनोरंजन की अनेक चीज़ें हैं जो आपको इस मॉल में अत्यधिक समय बिताने को मज़बूर कर देंगी।
दुबई एक्वारियम

इसके बाद दुबई एक्वारियम और अंडरवाटर जू को देख सकते हैं। पानी के नीचे बना ये एक्वारियम और जू 65,000 समुद्री जीव का घर है। आप पानी के नीचे से अनोखी दुनिया को देख सकते हैं। इस एक्वारियम को इस तरह से बनाया गया है कि घूमने वाले इसे देख सकते हैं। आप अपनी फ़ैमिली और दोस्तों के साथ यहाँ पर आ सकते हैं।
दुबई फ़ाउंटेन

बुर्ज ख़लीफ़ा के बाद दुबई में अगर कोई शानदार और खूबसूरत जगह है, दुबई फ़ाउंटेन। दुबई फ़ाउंटेन 24 एकड़ के क्षेत्र में बुर्ज लेक में बना हुआ है। रात में ये फ़ाउंटेन बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। ख़ास बात ये है कि दुबई फाउंटेन बुर्ज ख़लीफ़ा के ठीक सामने है। आप बुर्ज लेक में एक राइड ले सकते हैं और फाउंटेन को करीब से देख सकते हैं। ये फव्वारे 40 मंजिला इमारत की ऊँचाई तक पानी छोड़ते हैं।
ब्लू सीफूड एशिया
पूरे दिन दुबई में घूमने के बाद आप एक शानदार रेस्टोरेंट में लजीज खाने का स्वाद लेना चाहेंगे। दुबई का ब्ली सीफूड एशिया रेस्त्रां ऐसा ही शानदार ठिकाना है। यहाँ का माहौल भी बेहद खूबसूरत है। ब्ली सीफूड एशिया का लाजवाब खाना आपकी थकान को छूमंतर कर देगा। खाने का स्वाद लेते हुए आपक बाहर के नजारे का लुत्फ भी उठा सकते हैं। आपको एक बार यहां का जायका जरूर लेना चाहिए।
दिन 2
डेजर्ट सफारी

शहर में घूमने के बाद दूसरे दिन रेगिस्तान को देखा जा सकता है। दुबई की सबसे फ़ेमस एक्टिविटी में से एक है, डेज़र्ट सफ़ारी । बिना डेज़र्ट सफ़ारी के दुबई घूमना अधूरा है। दुबई सफ़ारी एक ऐसा एडवेंचर है जहाँ आपकी धड़कनें तेज़ हो सकती हैं। यहाँ रेत के टीलों पर जीप या ज़िप्सी, ऊँट की सवारी, क्वैड बाइक और सैंड बोर्डिंग आदि चलाई जाती है। अगर आप दुबई में डेज़र्ट सफ़ारी के लिए जिप्सी लेते हैं तो 6 लोगों के लिए लगभग 8,000 रुपए देने होते हैं।
काइट बीच
क्या आपको पता है कि दुबई समुद्र तट पर स्थित है। यहाँ आप रेगिस्तान का आनंद ले सकते है तो बीच के मज़े भी उठा सकते हो। दुबई के बीच काफ़ी साफ़-सुथरे और सुंदर है। दुबई में काइट बीच, ला मेर और नेसनास्स बीच सबसे शानदार समुद्र तटों में से एक हैं। दुबई में आप सुकून और शांति चाहते हो तो दुबई के बीच बढ़िया जगह है। यहाँ आप पैदल-पैदल काफ़ी दूर तक चल सकते हो। इसके अलावा खूबसूरत सनसेट को देख सकते हो। आप यहाँ पर कई वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज कर सकते हैं। आप कायाकिंग, जेट स्कीइंग, स्पीड बोट, फ्लाई फिशिंग और स्कूबा डाइविंग कर सकते हैं। इन बीचों पर कई प्रकार के फूड ट्रक भी मिल जाएंगे जिनका जायका आप ले सकते हैं।
तीसरा दिन
बुर्ज अल अरब

बुर्ज अल अरब दुबई की गगनचुंबी इमारतों में से एक है। 321 मीटर ऊँची ये ईमारत एक होटल है जो दुनिया के सबसे अच्छे होटलों में से एक है। अरबी भाषा में बुर्ज का अर्थ होता है, टॉवर। बुर्ज अल अरब वाकई दुबई की शानदार जगहों में से एक है। पर्यटकों के लिए इस होटल में टूर भी कराए जाते हैं । इस होटल के पास में ही शानदार बीच है जिसका नजारा होटल से बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। आप बीच पर जाकर आप अपने शानदार दिन का आनंद ले सकते हैं।
ग्लोबल विलेज

अगर आप दुबई में किसी दिलचस्प जगह की तलाश में हैं तो आपको ग्लोबल विलेज आना चाहिए। ग्लोबल विलेज दुबई का एक कार्निवाल है। यदि आप कुछ मजेदार करना चाहते हैं तो ग्लोबल विलेज चले आइए। जैसा कि नाम से ही पता चलता है कि ग्लोबल विलेज में सब कुछ मिलता है। यहाँ फूड ट्रक पर आप लजीज स्ट्रीट फूड चख सकते हैं। इसके अलावा आप यहाँ शॉपिंग भी कर सकते हैं। दुनिया भर से लोग इस ग्लोबल विलेज को देखने आते हैं।
आउटलेट विलेज

दुबई की ये जगह शॉपिंग करने के लिए अच्छी रहेगी। यहाँ आपको अच्छे ब्रांड्स के प्रोडक्ट मिल जाएँगे। इटैलियन थीम पर बना ये शॉपिंग स्पेस सही दाम में क्वालिटी के सामान देता है। यहाँ आप शॉपिंग कर सकते हैं या फिर इस जगह का भली-भाँति भ्रमण कर सकते हैं। आउटलेट विलेज में रिजॉर्ट और दुबई के शानदार पॉर्क का भ्रमण भी किया जा सकता है। आप दुबई पार्क्स एंड रिसॉर्ट्स को भी जोड़ सकते हैं। आउटलेट विलेज इसका एक विस्तार होगा।
दुबई में शॉपिंग के लिए बेस्ट जगहें:
ड्रेगन मार्ट

दुबई में इस जगह पर आपको चाइना का सामान मिलेगा। ड्रेगन मार्ट की हर एक चीज चीन से आती है। ये सामान आपको बहुत कम रेट में मिल जाएगा। इसी वजह से लोग इस जगह पर आना पसंद करते हैं। आप भी ड्रेगन मार्ट में आकर शॉपिंग कर सकते हैं।
दिन 4
हॉट एयर बैलून

दुबई में अपने चौथे दिन की शुरुआत आपको हॉट एयर बैलून की बढ़िया सवारी के साथ करनी चाहिए। दुबई में हॉट एयर बैलून काफी लोकप्रिय है। केवल दुबई के स्थानीय लोग ही नहीं बल्कि घुमक्कड़ों के बीच भी हॉट एयर बैलून के लिए काफी रुझान देखा जाता है। यदि आपको एडवेंचर करना पसंद है तो ये आपके लिए दुबई का सबसे खास अनुभव होगा। एयर बैलून से आप दुबई के खूबसूरत नजारों को आप देख पाएँगे। इतनी ऊँचाई से दुबई और भी सुंदर दिखाई देगा। हॉट एयर बैलून सनराइज और सनसेट का नजारा तो बेहद ही लूभावना होता है, जिसे शायद ही कभी भूल पाएंगे। यहाँ आप स्थानीय पारंपरिक ब्रेकफास्ट का अनुभव भी ले सकते हैं। आपको दुबई में हॉट एयर बैलून का अनुभव जरुर लेना चाहिए।
स्की दुबई

स्की दुबई, शहर के सबसे अनमोल तोहफों में से है। क्योंकि यहाँ का तापमान माइनस 2 डिग्री रखा जाता है इसलिए इस जगह पर आपको दुबई जैसे गर्म शहर में होते हुए हुई सर्द मौसम का मज़ा मिलेगा। स्की दुबई एमिरेट्स मॉल में बना हुआ है और ये जगह साल भर बर्फ की मोटी चादर से ढकी रहती है। लगभग 22,500 वर्ग मीटर में बनाई गई ये जगह हमेशा से रोमांच प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहती है। स्की दुबई में कुल 5 ढलान हैं जो अलग अलग ऊँचाई और कठिनाई को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई हैं। यदि आप स्की नहीं करना चाहते हैं तो यहाँ पर स्नो पार्क भी है। 4,500 वर्ग मीटर में फैले इस स्नो पार्क में आप खुद का स्नोमैन बना सकते हैं। इसके अलावा अंदर ही एक बर्फ की गुफा है। जिसे आप देख सकते हैं।
दिन 5
दुबई म्यूज़ियम

इतने दिन घूमने के बाद दुबई कुछ-कुछ आपको अपना सा लगने लगेगा। यहाँ की जगहों और रास्तों के बारे में अंदाज़ा लग जाएगा। अपने सफ़र के पाँचवें दिन की शुरुआत आप दुबई संग्रहालय को देखते हुए कर सकते हैं। यदि आप पुराने दुबई से रु-ब-रु होना चाहते हैं तो आपको अल फ़हीदी की सैर करनी चाहिए। दुबई के इतिहास, कला और कल्चर को दिखाता है अलफ़हीदी। अल फ़हीदी दुबई की सबसे पुरानी इमारत के लिए जानी जाती है। इस किले में आप दुबई संग्रहालय, अल शिंदाघा और एतिहाद म्यूजियम को भी देख सकते हैं। पुराने दुबई में आपको दुबई में अब तक देखी गयी जगहों से बिलकुल अलग अनुभव मिलेगा। दुबई आएँ तो अल फ़हीदी जाना न भूलें।
टेक्सटाइल और स्पाइस सूक्स

दुबई में आप टेक्सटाइल और मसालों का बाजार देख सकते हैं। इसकी शुरुआत आप टेक्सटाइल सूक्स से कर सकते हैं। टेक्सटाइल बाजार में आप बेहतरीन कारीगरी के कपड़े और साड़ी खरीद सकते हैं। इसके अलावा इस मार्केट में कई शानदार स्थानीय मसाले भी मिलते हैं। इन कलरफुल मसालों को आपको लेना ही चाहिए।
3 फिल्स

अगर आप सीफूड खाना चाहते हैं तो आपको दुबई के 3 फिल्स का रुख करना चाहिए। यहाँ का ज़ायक़ेदार खाना हर किसी को पसंद आता है। 3 फिल्स का ज़ायकेदार चिली क्रैब तो आपको जरुर चखना चाहिए। इसके अलावा आप यहाँ नूडल्स भी ले सकते हैं। 3 फिल्स रेस्टोरेंट देर रात तक खुला रहता है।
दुबई के बेस्ट पब:
पाँच दिन तक घूमने के बाद आपको दुबई की ख़ुशनुमा रात में पार्टी करनी चाहिए। इसके लिए दुबई के पब्स का रुख करें।
1. गैलेक्सी बार

दुबई का गैलेक्सी बार शहर के सबसे आधुनिक और पसंदीदा जगहों में से है। दुबई के डीएईएफसी यूनिट के पास में ही ग्लैक्सी बार स्थित है। ये पब केवल घुमक्कड़ ही नहीं बल्कि दुबई के स्थानीय लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करता है। बढ़िया सजावट, लाजवाब खाना और ड्रिंक्स की बड़ी वैरायटी वाले इस पब में आपको सभी चीज़ें कम कीमतों पर मिल जाएँगी। गैलेक्सी बार में म्यूज़िक कॉन्सर्ट का भी आयोजन किया जाता है जो यकीनन आपको बहुत अच्छा लगेगा। यहाँ का माहौल भी बेहद कलरफुल और हसीन रहता है।
2. लॉक स्टॉक एंड बैरल

लॉक स्टॉक एंड बैरल दुबई की वो जगह है जहाँ सभी को आना चाहिए। इस पब में मंगलवार को शानदार ऑफ़र्स के साथ साथ 3 फ्री ड्रिंक्स भी दी जाती हैं। यदि आप अपने दोस्तों के साथ ड्रिंक करते हुए बढ़िया खाना खाने का भी मज़ा उठाना चाहते हैं तो आपको शुक्रवार को जाना चाहिए। इस दिन पब में लाइव म्यूज़िक का इंतज़ाम किया जाता है जो आपको थिरकने पर मजबूर कर देगा।
3. बोस्टन बार

शराब का लुत्फ उठाने के लिए दुबई को बोस्टन बार बढ़िया जगह है। अमेरिकी स्टाइल में बने इस बोस्टन बार में लोग काफी संख्या में आते हैं और अपनी रात को रंगीन बनाते हैं। बोस्टन बार का माहौल कफी अच्छा रहता है। आप अपनी शाम को हसीन बनाने के लिए दुबई के बोस्टन बार में जा सकते हैं।
दुबई को 5 दिन में कैसे और कहाँ एक्सप्लोर करें इस बारे में हमने आपको बताया। दुबई में घूमने और देखने के लिए बहुत कुछ है जो आपको बार-बार दुबई बुलाएगा। और यदि आप पहली विदेश यात्रा का प्लान बना रहें हैं तो इस के लिए दुबई बढ़िया जगह है। दुबई आएँ तो इन जगहों पर ज़रूर जाएँ। इस जगह से आपको इश्क़ हो जाएगा।
अपनी दुबई ट्रिप को शानदार बनाएँ: दुबई के बेस्ट ट्रिप्स और दर्शनीय स्थलों के सुझाव पाएँ Tripoto की इस विस्तृत गाइड पर
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दुबई के बारे में और जानें।
विज़िट दुबई की वेबसाइट पर और अधिक जानकारी पाएँ।